औरैया चोरों के हौसले बुलंद हैं। मिहौली स्थित नेशनल हाईवे-19 पर चोरों ने एक साथ आठ डंपरों को निशाना बनाते हुए 16 बैटरियां चोरी कर लीं। चोरी गई बैटरियों की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, डंपर मालिक ने 6 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे अपने आठों डंपरों को औरैया-इटावा रोड स्थित मिहौली में प्रेमकान्त अवस्थी उर्फ मुनुआ अवस्थी के बाउंड्री और गेट से घिरे परिसर में खड़ा किया था। इसके बाद 11 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे जब वह अपने ड्राइवरों के साथ डंपरों के पास पहुंचा तो सभी आठ वाहनों से 16 बैटरियां गायब मिलीं।
आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में परिसर में घुसकर एक-एक कर सभी डंपरों की बैटरियां खोल लीं और मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि परिसर चारदीवारी और गेट से घिरा होने के बावजूद चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।घटना के बाद पीड़ित डंपर मालिक ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की।
पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चोरी गई 16 बैटरियों की बरामदगी कराने और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।नेशनल हाईवे किनारे एक साथ आठ डंपरों से बैटरियां चोरी होने की इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस वारदात का खुलासा कर चोरों तक कब पहुंचती है।















