मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वयंगणना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह ने जनपद के व्यापारियों, प्रतिष्ठान संचालकों और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक कर संवाद किया। बैठक में उन्होंने स्वयंगणना के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए सभी से इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के विकास की योजनाओं, सरकारी नीतियों और भविष्य की आवश्यकताओं के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं को तैयार करने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने व्यापारियों और रेस्टोरेंट संचालकों से कहा कि वे सबसे पहले अपनी और अपने परिवार की स्वयंगणना अवश्य सुनिश्चित करें। इसके साथ ही अपने प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों, सहयोगियों और परिचितों को भी स्वयंगणना के लिए जागरूक और प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
गंभीर सिंह ने कहा कि जनगणना-2027 देश के भविष्य की योजनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसमें जनपद के प्रत्येक वर्ग का सहयोग अपेक्षित है। सभी के सामूहिक प्रयासों से मुजफ्फरनगर स्वयंगणना कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है और प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकता है। उन्होंने व्यापारिक संगठनों और प्रतिष्ठान संचालकों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में प्रशासन का सहयोगी बनने का आह्वान किया।
बैठक में मौजूद व्यापारियों एवं रेस्टोरेंट संचालकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे स्वयं स्वयंगणना में भाग लेंगे और अपने कर्मचारियों, परिवारों तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। प्रशासन ने इस सहयोग को जनगणना अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।















