जनगणना-2027 के प्रचार वाहनों को डीएम ने दिखाई हरी झंडी, स्व-गणना में भाग लेने की अपील.

मुजफ्फरनगर। जनपद में जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने स्व-गणना अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जनगणना-2027 के प्रचार वाहनों को कलेक्ट्रेट प्रांगण से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये प्रचार वाहन जनपद स्तर के साथ-साथ तहसीलों और विकासखंडों में पहुंचकर लोगों को जनगणना के महत्व तथा स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करेंगे। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना में उत्साहपूर्वक भाग लें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों और भविष्य की आवश्यकताओं को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

इसलिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग और सही जानकारी उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। इस वर्ष जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना की जाएगी। प्रशासन की ओर से प्रचार वाहनों के माध्यम से लोगों को निर्धारित तिथियों की जानकारी देने के साथ स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया में शामिल हो सकें। इस अवसर पर जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने जनगणना-2027 के प्रचार अभियान के तहत सेल्फी भी ली। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने भी सेल्फी लेकर अभियान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। प्रशासन ने जनपदवासियों से अभियान का हिस्सा बनने की अपील करते हुए संदेश दिया कि हमारी जनगणना, हमारा भविष्य।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts