उर्दू मुकाबला 2026 में 1220 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा.

मुजफ्फरनगर। उर्दू बेदारी फोरम मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में उर्दू मुकाबला 2026 के अंतर्गत गढ़ास मंडी स्थित आफताब मेरिट बॉल में भव्य शैक्षिक सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, साहित्यकारों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में जनपद के 28 शिक्षण संस्थानों के लगभग 1220 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया था, जिनमें से विद्यालय स्तर पर चयनित करीब 200 विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

फोरम के अध्यक्ष शहजाद अली ने कहा कि संस्था कई वर्षों से हिंदी और उर्दू भाषा, साहित्य एवं शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए प्रयासरत है। विद्यार्थियों को प्रत्येक विषय की तरह उर्दू की भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश की तरक्की में योगदान देना चाहिए। उन्होंने नवंबर माह को शिक्षा और साहित्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों से जीवन का उद्देश्य निर्धारित कर मेहनत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मोहम्मद सिराज आजम, डॉ. यामीन अंसारी, डॉ. अब्दुल शहाबुद्दीन कासमी और मुफ्ती जुल्फिकार अली ने शिक्षा, भाषाई सौहार्द, नैतिक मूल्यों तथा उच्च शिक्षा के महत्व पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी और उर्दू दोनों भाषाएं देश की साझा संस्कृति और विरासत की पहचान हैं। नई पीढ़ी में पढ़ने-लिखने की रुचि विकसित करना आवश्यक है।

प्रतियोगिता के चार समूहों में आरिफ, सहबा सैफी, लुबना और अब्दुल मन्नान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। समूह ए और बी के विद्यार्थियों को सावित्रीबाई फुले तथा समूह सी और डी के विद्यार्थियों को फातिमा शेख अवार्ड प्रदान किए गए। अतिथियों को मौलाना अबुल कलाम आजाद, आलम मुजफ्फरनगरी और अल्लामा इकबाल अवार्ड से सम्मानित किया गया।

फोरम ने 14 सितंबर को हिंदी दिवस पर आयोजित पत्र लेखन एवं अनुवाद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया। अध्यक्षीय संबोधन में अमीर आजम खान ने हिंदी और उर्दू के संरक्षण तथा नई पीढ़ी तक भाषाई विरासत पहुंचाने की जिम्मेदारी पर जोर दिया। हाजी सैफ अंसारी ने अतिथियों का आभार जताया। अंत में मुफ्ती अब्दुल सत्तार ने दुआ कराई। कार्यक्रम को सफल बनाने में मोहम्मद राशिद, शहवेज, हाजी अब्दुल हसन, मोहम्मद इरशाद, डॉ. रियाज अली सहित अनेक लोगों का सहयोग रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts