औरैया। आगामी धनतेरस, दीपावली एवं छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में आज कोतवाली प्रभारी जितेंद्र तिवारी और निझाई चौकी इंचार्ज मंगल सिंह ने पुलिस बल के साथ तहसील रोड, बतासा मंडी और लेडीज मार्केट में पैदल गश्त की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और व्यापारियों एवं दुकानदारों से बातचीत कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
कोतवाली प्रभारी ने पुलिसकर्मियों को त्योहारों के दौरान लगातार गश्त करने और पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।पुलिस की इस पैदल गश्त का उद्देश्य बाजारों में सुरक्षा का माहौल कायम करना और धनतेरस, दीपावली व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।















