मुजफ्फरनगर, दीपावली के पावन पर्व पर आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली।शहर के बघरा तांगा स्टैंड स्थित प्रयत्न पार्क में सद्भावना मंच सेक्युलर फ्रंट की ओर से पारंपरिक दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों और समुदायों से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाकर खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
समारोह की खास बात यह रही कि मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा वर्षों से आयोजित किया जा रहा यह दीपावली मिलन कार्यक्रम भारतीय संस्कृति की साझा विरासत और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल बनता जा रहा है।कार्यक्रम संयोजक गोहर सिद्दीकी ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता में एकता है। सभी धर्मों के त्योहार हमें एक-दूसरे के करीब लाने और समाज में प्रेम एवं भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश देते हैं।
इस अवसर पर उद्योगपति अशोक अग्रवाल, सपा नेता राकेश शर्मा, असद फारूकी, वरिष्ठ व्यापारी कृष्ण गोपाल मित्तल, योगेंद्र बालियान, संजय शर्मा, पूर्व बार संघ अध्यक्ष वसी अंसारी, हाजी आसिफ राही, महबूब आलम एडवोकेट, डॉ. साजिद, राकेश त्यागी, तरुण मित्तल, दीपक गंभीर, सरदार सतनाम सिंह हँसपाल, मास्टर इसरार खान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि धर्म और मजहब भले ही अलग-अलग हों, लेकिन इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे का रिश्ता सभी को एक सूत्र में बांधता है।
भाई चारे का दिया संदेश -त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और नफरत की दीवारों को मिटाकर मोहब्बत का दीप जलाने का भी माध्यम हैं।मुजफ्फरनगर में आयोजित यह दीपावली मिलन समारोह गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सौहार्द की एक खूबसूरत मिसाल बनकर सामने आया।
















