होली चाइल्ड स्कूल में दीपावली मेले के साथ सजी विरासत प्रदर्शनी, पुरानी यादों से रूबरू हुए विद्यार्थी.

मुजफ्फरनगर। जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में दीपावली के पावन पर्व पर भव्य दीपावली मेला एवं विरासत प्रदर्शनी-2026 का आयोजन हर्षोल्लास और सांस्कृतिक उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा, उद्यमशीलता और भारतीय संस्कृति के प्रति लगाव की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीराम कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रेरणा मित्तल, समाजसेविका ममता अग्रवाल, पंडित संजीव शंकर, नीरू शर्मा, हर्षित बालियान, रोहतासकली, रेनू चौधरी, ममता चौधरी, विद्यालय प्रबंधक रीता दहिया एवं प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में विद्यार्थियों ने आकर्षक सजावटी सामान, सुंदर दीपक, रंग-बिरंगी बंदनवार, पेंटिंग, पोस्टर और हस्तनिर्मित वस्तुओं के स्टॉल लगाए। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और कल्पनाशीलता से तैयार वस्तुओं के माध्यम से कला, कौशल और आत्मनिर्भरता का परिचय दिया।

आयोजन का मुख्य आकर्षण विरासत प्रदर्शनी रही, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने दादा-दादी और परिवार के बुजुर्गों के पास वर्षों से सुरक्षित लगभग 40 से 100 वर्ष पुरानी वस्तुओं को प्रदर्शित किया। इनमें पुराने ट्रांजिस्टर, रेडियो, कैमरे, कोयले की प्रेस, भारी इस्त्री, टॉर्च, पर्स, दुर्लभ सिक्के, लालटेन और दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक वस्तुएं शामिल रहीं। प्रदर्शनी ने नई पीढ़ी को पुरानी जीवनशैली, पारिवारिक इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों को समझने का अवसर देते हैं। विद्यालय प्रबंधक रीता दहिया और प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम ने संदेश दिया कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति और विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का भी उत्सव है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts