एमजी वर्ल्ड विजन विद्यालय में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना दीपोत्सव.

मुजफ्फरनगर। एमजी वर्ल्ड विजन विद्यालय में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में दीपोत्सव का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर दीपावली के रंगों, भक्ति भावना और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को दीपावली पर्व के धार्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक महत्व से परिचित कराया गया।कार्यक्रम के दौरान श्रीमती मधु गोयल ने विद्यालय में आयोजित विधिवत पूजा-अर्चना में सहभागिता की। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करते हुए सभी को पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। पूजा-अर्चना के दौरान विद्यालय की सुख-समृद्धि, उन्नति और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

दीपावली के अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से विशेष कला गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। इसमें कक्षा तीन से छह तक के विद्यार्थियों ने कैनवास पर फ्लूइड टेक्सचर (तरल बनावट) कला का प्रदर्शन किया, जबकि कक्षा सात से 12 तक के विद्यार्थियों ने कैनवास पर जिंक टेक्सचर से संबंधित कलात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को नई कला तकनीकों को सीखने और अपनी रचनात्मक सोच को अभिव्यक्त करने का अवसर मिला।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. मृणालिनी अनंत ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अज्ञानता के अंधकार को दूर कर ज्ञान, सद्भावना, प्रेम और संस्कारों का प्रकाश फैलाने का संदेश भी देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्व की मूल भावना को आत्मसात करते हुए समाज में सकारात्मकता और आपसी सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीनियर एकेडमिक कोऑर्डिनेटर मोनिका अग्रवाल और स्कूल काउंसलर रश्मि रस्तोगी का विशेष योगदान रहा। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts