मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में भजन संध्या, भक्ति संगीत से गूंजा परिसर.

मुजफ्फरनगर। बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भक्ति संगीत से सजे इस कार्यक्रम में भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका परिषद की चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप और मेडिकल कॉलेज के ट्रेजरार एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करने के बजाय आरती कर किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भक्ति भाव के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. कीर्ति गोस्वामी सहित वरिष्ठ चिकित्सक, जूनियर डॉक्टर और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। भजन प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को संगीत, भक्ति और आध्यात्मिकता से जुड़ने का अवसर मिला। आयोजन का मुख्य उद्देश्य संगीत के माध्यम से मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और आत्मिक संतुलन को बढ़ावा देना रहा। भजनों की प्रस्तुतियों के दौरान उपस्थित लोग भक्तिरस में डूबे नजर आए।

इस अवसर पर मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि भजन और आध्यात्मिक संगीत भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजन व्यक्ति को मानसिक शांति प्रदान करने के साथ ही जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों को तनाव से राहत देने और स्वयं से जुड़ने के लिए इस तरह के कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वहीं गौरव स्वरूप ने कहा कि संगीत और भक्ति का संगम मनुष्य के विचारों में सकारात्मकता लाने का प्रभावी माध्यम है। आर्ट ऑफ लिविंग के ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा संस्थानों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होने से चिकित्सकों और कर्मचारियों को भी व्यस्त कार्यशैली के बीच मानसिक सुकून और आध्यात्मिक ऊर्जा मिलती है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे आपसी मेलजोल और आध्यात्मिक चेतना बढ़ाने वाला सार्थक प्रयास बताया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts