इटली के 6000 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी.

इटली में देशभर के 6,000 से अधिक स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं. यह पूरा मामला बुधवार का है. एहतियात के तौर पर, 300 से अधिक स्कूलों को तुरंत खाली करा लिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया. बताया जा रहा हैकि सभी स्कूलों को एक जैसी धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे. इन संदेशों में “इटालियनों के नरसंहार” की चेतावनी दी गई थी और दावा किया गया था कि स्कूल की इमारतों के अंदर रिमोट डेटोनेटर वाले विस्फोटक लगाए गए हैं.ईमेल भेजने वाले ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की कार के इंजन में बम रखा गया है. हालांकि, प्रधानमंत्री मेलोनी ने कहा कि किसी वास्तविक खतरे का कोई संकेत नहीं है, और उन्होंने स्थिति की समीक्षा के लिए अपने मंत्रियों के साथ एक बैठक बुलाई है. इटली के शिक्षा मंत्री, ग्यूसेप वाल्डिटारा ने संकेत दिया कि बड़े पैमाने पर भेजे गए ये संदेश दहशत फैलाने की एक कोशिश हो सकती हैं.उन्होंने बताया कि रोम से लेकर उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्रों तक पुलिस ने छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है और स्कूलों के परिसरों की गहन तलाशी ली जा रही है. इससे पहले, 2 नवंबर 2026 को इटली भर के 270 से अधिक स्कूलों को इसी तरह के फर्जी धमकी भरे ईमेल मिले थे.

ईमेल भेजने वाले ने बताई अपनी पहचान

इटली मीडिया के अनुसार, धमकी भरा ईमेल भेजने वाले ने अपना नाम “मिखाइल एंड्रोपोव” बताया और खुद को “विलायत-ए-मिसोजिनिस्टान” का नेता होने का दावा किया. ईमेल में आरोप लगाया गया कि स्कूल परिसर के अंदर शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण लगाए गए हैं, जिन्हें दूर से ही विस्फोट किया जा सकता है. इसे “इटालियंस के खिलाफ नरसंहार” का हिस्सा बताया गया.

पहले लगा ब्रेक की घंटी

रोम के एक हाई स्कूल में जब सुरक्षा सायरन बजा, तो 18 वर्षीय छात्रा अनीता बार्टोची ने बताया कि छात्रों को पहले लगा कि यह ब्रेक की घंटी है. लेकिन, जब वे इमारत से बाहर निकले, तो उन्हें पता चला कि ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है, जो कथित तौर पर “रूसी हैकरों” की ओर से भेजी गई थी.

इन देशों के स्कूलों को भी मिली धमकी

यह साइबर खतरा केवल इटली तक सीमित नहीं था, इसी तरह के फर्जी ईमेल कई अन्य यूरोपीय देशों में भी भेजे गए. स्कॉटलैंड (ब्रिटेन), उत्तरी आयरलैंड और आयरलैंड के सैकड़ों स्कूलों को भी ऐसे धमकी भरे संदेश मिले. हालांकि, स्कॉटिश पुलिस ने इन्हें फर्जी करार दिया और स्कूलों को खाली न करने की सलाह दी.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts