मुजफ्फरनगर। चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘सेव एनर्जी सेव वाटर’ अभियान के तहत जल संरक्षण और ऊर्जा बचत को लेकर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और स्टेडियम के कर्मचारियों ने पानी एवं बिजली की बर्बादी रोकने तथा इनके विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मत्स्य विभाग की सहायक निदेशक अनीता रहीं। स्टेडियम पहुंचने पर उपक्रीड़ा अधिकारी पूनम बिश्नोई ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
मुख्य अतिथि अनीता ने उपस्थित खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को जल और ऊर्जा संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पानी और बिजली हमारे जीवन के महत्वपूर्ण संसाधन हैं। इनका अनावश्यक उपयोग रोकना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। दैनिक जीवन में छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर जल एवं ऊर्जा की काफी बचत की जा सकती है।
उपक्रीड़ा अधिकारी पूनम बिश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसका संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि कहीं भी नल खुला दिखाई देने या पानी व्यर्थ बहने पर उसे तुरंत बंद करें। इसी तरह जरूरत नहीं होने पर लाइट और पंखे बंद रखकर बिजली बचाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। खेल के मैदान में अनुशासन और टीम भावना दिखाने वाले खिलाड़ियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। प्रशिक्षकों से भी अपील की गई कि वे प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को जल एवं ऊर्जा बचत के प्रति जागरूक करें और इस अभियान का संदेश आम लोगों तक पहुंचाएं।
समारोह में कुश्ती प्रशिक्षक प्रदीप कुमार, वुशु कोच मनीष, एथलेटिक्स प्रशिक्षक सुशील कुमार, वेटलिफ्टिंग प्रशिक्षक रेणु, कबड्डी प्रशिक्षक संजीव, कनिष्ठ सहायक राकेश, कंप्यूटर ऑपरेटर भावना सहित स्टेडियम का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे। अंत में पूनम बिश्नोई ने सभी का आभार जताते हुए अभियान को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।















