मुजफ्फरनगर। सेनेट्री व्यापारिक एसोसिएशन, मुजफ्फरनगर की ओर से दीपावली मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं पारिवारिक माहौल में किया गया। समारोह में शहर के सेनेट्री व्यापार से जुड़े प्रमुख व्यापारी, एसोसिएशन के पदाधिकारी, सदस्य और विभिन्न प्रतिष्ठानों के संचालकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान आपसी मेलजोल, भाईचारे और संगठन की एकजुटता का संदेश दिया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश अग्रवाल ने सभी सदस्यों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती आपसी सहयोग, विश्वास और एकता पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी व्यापारियों से मिलजुलकर कार्य करने और संगठन के हितों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
एसोसिएशन के सचिव विकास भार्गव ने अपने संबोधन में बदलते व्यापारिक परिवेश पर विचार रखते हुए कहा कि व्यापारियों को आधुनिक तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होगा। इसके साथ ही स्थानीय बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को मजबूत बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के बीच लोगों से स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिलने से शहर की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।
उन्होंने डिजिटल पेमेंट और यूपीआई के इस्तेमाल पर चर्चा करते हुए व्यापारियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने, फर्जी क्यूआर कोड का इस्तेमाल करने अथवा किसी के साथ ओटीपी और यूपीआई पिन साझा करने से बचना चाहिए।
समारोह में मनोरंजक खेलों और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सभी सदस्यों को दीपावली के उपहार भी भेंट किए गए। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष सुधीर मित्तल, कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल और सह सचिव वैभव मित्तल सहित एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।















