अजीत अगरकर का बतौर चीफ सेलेक्टर कार्यकाल आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है. मंगलवार को BCCI ने चयन समिति में एक पोजीशन के लिए नई वैकेंसी निकाली है. मौजूदा चयन समिति में प्रज्ञान ओझा, आरपी सिंह, शिव सुंदर दास और अजय रात्रा हैं. अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद फिलहाल प्रज्ञान ओझा अंतरिम चीफ सेलेक्टर की पोजीशन पर बने हुए हैं.बीसीसीआई ने चयन समिति के सदस्य के लिए आवेदन स्वीकार करने की घोषणा की है. चयन समिति का यह सदस्य टेस्ट, वनडे और टी20 में टीम इंडिया में खिलाड़ियों के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.अजीत अगरकर ने जुलाई 2023 में चीफ सेलेक्टर का पद संभाला था. रिपोर्ट्स अनुसार 4 अक्टूबर 2026 को उनका कार्यकाल समाप्त हो चुका है. अगरकर पिछले महीनों रोहित शर्मा को 2027 वर्ल्ड कप के प्लान से बाहर करने की खबरों को लेकर चर्चाओं में भी रहे. बताते चलें कि चयन समिति के सदस्यों में जिसके पास भी सबसे ज्यादा टेस्ट मैचों का अनुभव होता है, उसी को मुख्य चयनकर्ता/चीफ सेलेक्टर बनाया जाता है.
नई पोजीशन के लिए क्वालीफिकेशंस:
- आवेदनकर्ता के पास कम से कम 7 टेस्ट मैचों का अनुभव या
- 30 फर्स्ट-क्लास मैचों का अनुभव या
- 10 ODI मैच और 20 फर्स्ट-क्लास मैचों का अनुभव
- आवेदनकर्ता को संन्यास लिए कम से कम 5 साल का समय हो चुका हो.
🚨BCCI invites applications for one position on the Men’s Selection Committee
Details ▶️ https://t.co/9POlKGpzrt
— BCCI (@BCCI) October 6, 2026
पहले तीन विकल्पों में से एक पूरा करना होगा और रिटायरमेंट के बाद 5 साल का कूल-ऑफ पीरियड अनिवार्य है.BCCI चयन समिति में इस नई वैकेंसी के लिए 14 अक्टूबर शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार करेगा. पहले स्क्रीनिंग और शॉर्टलिस्टिंग प्रक्रिया होगी, जिसके बाद आवेदनकर्ताओं को पर्सनल इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. बताते चलें कि चयन समिति के लिए आने वाला एक साल बहुत चुनौतीपूर्ण हो सकता है क्योंकि 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और अगले कुछ महीनों के भीतर एक परफेक्ट कॉम्बिनेशन तैयार करना सेलेक्टर्स के लिए एक बड़ी चुनौती होगी.















