मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट और देश का गौरव प्रीति पाल ने अपने परिजनों के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मंत्री ने प्रीति पाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनकी अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मंत्री कपिल देव ने कहा कि जनपद के ग्राम हाशमपुर की बेटी प्रीति पाल ने अपनी प्रतिभा, दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। वर्ष 2024 में फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित पैरालंपिक खेलों में प्रीति पाल ने महिलाओं की 100 और 200 मीटर टी-35 स्पर्धा में दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह पैरालंपिक की ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसके बाद वर्ष 2026 में जापान में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में भी उन्होंने 100 और 200 मीटर दौड़ में दो रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। पैरालंपिक और एशियन पैरा गेम्स में कुल चार पदक जीतने वाली प्रीति पाल को उनकी उपलब्धियों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राम्य विकास विभाग में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के पद पर नियुक्त किया है। 24 मार्च 2026 को लखनऊ के लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा था। मंत्री कपिल देव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें सम्मानजनक अवसर देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रीति पाल की सफलता बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।















