बेटे के जन्मदिन पर ससुराल पहुंचा युवक बना हमलावर, तीन महिलाएं गोली लगने से घायल.

मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित पंचशील कॉलोनी में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर तीन महिलाओं को घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन तथा स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। घायल महिलाओं को बिना देर किए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।पुलिस के अनुसार, शातिर वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनन्त मित्तल के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस मामले में थाना सिविल लाइन पर मु0अ0सं0 128/2026 के तहत धारा 109(1), 333, 352, 351(3), 49 बीएनएस एवं 27/30 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जांच में सामने आया कि अनन्त मित्तल की शादी वर्ष 2012 में राधिका मित्तल से हुई थी, जो पंचशील कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार मित्तल की पुत्री हैं। वर्तमान समय में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था तथा बच्चे की कस्टडी को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन है। पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 को अनन्त मित्तल अपने पुत्र का जन्मदिन मनाने के लिए देहरादून से मुजफ्फरनगर स्थित अपनी ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर परिवार के लोगों से उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने गुस्से में अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी सास, चचिया सास और पत्नी की भाभी घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts