मुजफ्फरनगर में थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध असलाह बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा और थाना प्रभारी सिविल लाइन महावीर सिंह चौहान के नेतृत्व में की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि संधावली कट के पास कुछ लोग अवैध हथियार बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब बंद पड़ी फैक्ट्री के खंडहरनुमा कमरे की घेराबंदी की तो अंदर से रोशनी और हथियार बनाने की आवाजें सुनाई दीं। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम को देखकर शोर मचाया, जिसके बाद चारों बदमाशों ने कमरे की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश लगातार फायरिंग करते रहे। इसके बाद पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में शमीम उर्फ सोनू पुत्र मेहरदीन और विशाल पुत्र बबलू घायल हो गए, जबकि अदनान पुत्र मन्साद और मुर्सलीन पुत्र शफीक को कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार और उपकरण बरामद किए हैं। बरामदगी में 15 तैयार तमंचे, 2 पिस्टल, 4 अधबने तमंचे, भारी मात्रा में कारतूस, हथियार बनाने के उपकरण तथा एक इलेक्ट्रिक स्कूटी शामिल है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
























































