बबेरू, बांदा। बबेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में नवजात शिशु को कुछ लोग ओपीडी के बाहर कुर्सियों पर छोड़कर चले गए। ड्यूटी पर तैनात एक वार्ड बॉय ने जब बच्चे को देखा तो तुरंत डॉक्टर को सूचना दी। डॉक्टरों ने नवजात का प्राथमिक चेकअप किया और जन्म के बाद लगने वाले सभी जरूरी टीके भी लगाए।
घटना की जानकारी मिलते ही सीएचसी अधीक्षक ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें एक महिला और एक पुरुष, दोनों ने मुंह बांध रखा था और नवजात को छोड़ते हुए नजर आए। पुलिस ने अज्ञात महिला व पुरुष की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
इसके बाद चाइल्ड लाइन बांदा को सूचना दी गई। गुरुवार दोपहर करीब 1:00 बजे चाइल्ड लाइन की टीम सीएचसी बबेरू पहुंची। सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद सीएचसी अधीक्षक और स्टाफ नर्स की मौजूदगी में नवजात शिशु को चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान सीएचसी का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा















