मुजफ्फरनगर में उद्योग बंधु समिति की बैठक, सड़क, बिजली और साफ-सफाई के मुद्दों पर सख्त निर्देश.

मुजफ्फरनगर में जिला उद्योग बंधु समिति की महत्वपूर्ण बैठक मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें जनपद के औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रस्तुत एजेंडा के सभी बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से जानसठ रोड स्थित नैराना विद्युत सब-स्टेशन तक 500 मीटर लंबी लिंक रोड के निर्माण को प्राथमिकता देते हुए एनएचएआई मेरठ और विद्युत विभाग को संयुक्त रूप से एस्टीमेट तैयार कर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नैराना विद्युत उपकेंद्र के सामने ओवरहेड लाइन शिफ्टिंग के मुद्दे पर अलग से बैठक आयोजित करने की बात कही गई।

बैठक में ग्राम वहलना स्थित जैन मंदिर के पास फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए नगर पालिका की ईओ डॉ प्रज्ञा सिंह को तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए विद्युत विभाग को नियमित मासिक बैठकें आयोजित करने को कहा गया, ताकि बिजली से संबंधित समस्याओं का समय पर निपटारा हो सके। मेरठ रोड पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को लेकर भी सख्ती दिखाई गई और एआरटीओ को ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को राधा गोविन्द ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड की एनओसी और मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को संबंधित विभागों से रिपोर्ट लेकर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बीके टाइल्स के पास स्थित जर्जर लिंक रोड की समस्या भी उठाई गई, जिस पर नगर पालिका द्वारा बताया गया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव 15वें वित्त आयोग 2025-26 के तहत जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है और टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।अध्यक्षता कर रहे अधिकारी ने सभी औद्योगिक संगठनों से आह्वान किया कि वे औद्योगिक आस्थान के मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण में एमडीए और नगर पालिका के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार द्वारा किया गया। अंत में सभी अधिकारियों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में बैठक का समापन किया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts