बांदा। जनपद में अपराध पर नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चिल्ला थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने अंतर्जनपदीय स्तर पर ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरो के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
2-3 जून की रात पुलिस को गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घूरा रोड के पास कुछ संदिग्ध लोग ट्रैक्टर के साथ मौजूद हैं, जो चोरी की वारदातों में शामिल हो सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर छापेमारी की और दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए।
सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे अपने एक अन्य साथी विक्रम निषाद उर्फ शेरा (निवासी डिघवट, थाना चिल्ला) के साथ मिलकर कई स्थानों पर वाहन और बैटरी चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। विक्रम निषाद को पहले ही थाना पैलानी पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि चुराया गया ट्रैक्टर हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र से चोरी किया गया था, जबकि 23 जनवरी और 15 फरवरी को चिल्ला थाना क्षेत्र से भी ट्रैक्टर चुराए गए थे। इसके अलावा उन्होंने फतेहपुर, हमीरपुर, चित्रकूट और बांदा जिलों से मोटरसाइकिल और बैटरियां चोरी करने की बात भी कबूली।
अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न जनपदों से चोरी की गई कुल छह मोटरसाइकिल और थाना ललौली क्षेत्र से चोरी की गई तीन बैटरियां भी बरामद की हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आकाश निषाद पुत्र मेवालाल निषाद और कृष्ण कुमार निषाद पुत्र रामप्रसाद निषाद, दोनों निवासी डिघवट, थाना चिल्ला, जनपद बांदा के रूप में हुई है।














