बांदा। आजाद अधिकार सेना ने चित्रकूट धाम मंडल अध्यक्ष धीरज शर्मा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा नेताओं के अश्लील वीडियो, और अमर्यादित टिप्पणियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान संगठन के जिला अध्यक्ष राजेश सिंह, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि देशभर में भाजपा नेताओं से जुड़े गंभीर और शर्मनाक मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिन पर सरकार द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। मध्य प्रदेश के मंदसौर में मनोहर लाल धाकड़ द्वारा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अश्लील हरकतें, यूपी के बलिया में बब्बन सिंह रघुवंशी का डांसर को गोद में बैठाकर किया गया अभद्र व्यवहार, और गोंडा में भाजपा जिला अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का आपत्तिजनक वीडियो इन घटनाओं की कड़ी में शामिल हैं।
कर्नाटक में भाजपा नेता एन. मुनिरत्ना पर गैंगरेप, पेशाब पिलाने और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। वहीं मैनपुरी में भाजपा नेत्री के बेटे शुभम गुप्ता द्वारा महिला के 130 अश्लील वीडियो वायरल करने और बरेली में भाजपा नेता पर होटल में सेक्स रैकेट चलाने के आरोप संगठन की चिंता का विषय बने हैं।
ज्ञापन में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल द्वारा नेशनल टीवी पर कांग्रेस प्रवक्ता के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग और मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी के लिए अमर्यादित शब्दों के इस्तेमाल का भी उल्लेख किया गया है। संगठन ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के दबाव में इन मामलों में अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
आजाद अधिकार सेना ने राष्ट्रपति से मांग की है कि वे प्रधानमंत्री को निर्देश दें कि इन सभी मामलों में दोषियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन के दौरान मौजूद सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं के आचरण पर तीखी नाराजगी जताई और न्याय की मांग की।















