फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में शनिवार को बड़ा हादसा हुआ. मेले में ‘सुनामी’ नाम का झूला अचानक टूटकर गिर पड़ा. हादसे करीब 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. झूला टूटकर गिरते ही मेले में अफरातफरी मच गई. आनन-फानन में मौके पर मौजूद पुलिस वहां पहुंची और झूले के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया. लोगों को बचाते समय एक इंस्पेक्टर भी घायल हो गए. फिलहाल सभी घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. पुलिस टीम झूले के आस-पास सर्च ऑपरेशन चला रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं कोई और तो नहीं फंसा है.‘सुनामी’ झूला गिरने के साथ-साथ सूरजकुंड मेले में आज एक और हादसा हुआ. मेले के गेट नंबर-2 के पास ‘स्वागत द्वार’ गिर गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए. वहीं सुनामी झूला गिरने के बाद घायलों की मदद करने वाला राघव ने बताया कि सूरजकुंड मेले में ही स्टॉल लगाया हुआ है. झूले पर उस समय करीब 18 लोग सवार थे. बचाव कार्य के दौरान राघव पर भी ग्रिल गिरी और उसके कंधे में चोट लगी. राघव का भी अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, ‘सुनामी’ झूले में 18 लोग सवार थे. ऊपर जाते ही झूला अटक गया, जिसके बाद कुछ लोगों को नीचे उतारा गया. इसके बाद झूला तेज चलने लगा, तभी अचानक झूला गिर गया. मेले में मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला. लोगों को बचाते हुए एक पुलिस इंस्पेक्टर भी घायल हो गए, जिसके बाद एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूला ऊपर से नीचे आते हुए गिरता हुआ दिख रहा है. इसके बाद मेले में लोग इधर-उधर भागने लगे.















