मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने तहसील सदर एवं उप जिलाधिकारी कार्यालय स्थित न्यायालयों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसील के विभिन्न अनुभागों में किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की गई। सबसे पहले जिलाधिकारी ने संग्रह अनुभाग का निरीक्षण किया, जहां कार्य की स्थिति संतोषजनक पाई गई। अभिलेखों के रखरखाव, पंजिकाओं के संधारण और कार्यप्रणाली पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
इसके पश्चात राजस्व निरीक्षक (कार्यालय) के अंतर्गत भूलेख अभिलेखागार में रखे गए बस्तों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी अभिलेख बस्ता सूची के अनुसार व्यवस्थित पाए गए। अभिलेखों के रखरखाव और रिकॉर्ड प्रबंधन को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि इसी प्रकार अभिलेखों को सुरक्षित और क्रमबद्ध रखा जाए, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।न्यायालय से प्राप्त परवाना अमलदरामद के संबंध में आर-6 पंजिका की भी जांच की गई। जिलाधिकारी ने पंजिका में की गई प्रविष्टियों का अवलोकन किया और पाया कि कुछ मामलों में प्रविष्टियां समय से दर्ज नहीं की जा रही हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि न्यायालय से प्राप्त होने वाले परवाना अमलदरामद की प्रविष्टियां शीघ्रता से अभिलेखों में दर्ज की जाएं, ताकि लंबित मामलों में अनावश्यक देरी न हो।
इसके बाद जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर न्यायालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर द्वारा निस्तारित की गई पत्रावलियों का अवलोकन किया गया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि बैनामा से संबंधित पंजीकृत पत्रावलियों को उभय पक्षों की अनुपस्थिति में अदम पैरवी के आधार पर खारिज किया जा रहा है। इस स्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट निर्देश दिए कि बैनामा से प्राप्त वाद पत्रावलियों को अदम पैरवी में खारिज न किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मामलों में विधिक प्रक्रिया का पूर्ण पालन किया जाना आवश्यक है, जिससे आम जनता को न्याय प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा न आए।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी, तहसीलदार सदर राधेश्याम गौड़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायालयीन कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रशासन पर जनता का विश्वास बना रहे।















