मुजफ्फरनगर। यातायात माह नवंबर 2025 के अंतर्गत जिले में सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में भव्य जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा। यह आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल चौबे, एआरटीओ प्रशासन अजय मिश्रा, एआरटीओ प्रवर्तन सुशील मिश्रा के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा पर आधारित कार्यशाला, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं सड़क सुरक्षा शपथ का आयोजन किया गया। डॉ राजीव कुमार ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं स्कूल स्टाफ को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प कराया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों और उनके कारणों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां जीवन की बड़ी सुरक्षा बन सकती हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें, सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें तथा नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकें।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात अनुशासन का महत्व समझाते हुए कहा कि सड़क पर जिम्मेदार नागरिक बनना हर व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की समस्या पर चिंता जताई और सभी अभिभावकों से सहयोग की अपील की। प्रभारी यातायात राकेश कुमार ने सड़क सुरक्षा के नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को पैम्फलेट वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाचार्य सोनिका आर्य ने अतिथियों का स्वागत किया तथा संस्थान के निदेशक सुघोष आर्य ने सभी अधिकारियों, अतिथियों एवं स्कूल स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल छात्रों में जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि एक सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
यातायात पुलिस ने सभी जनपदवासियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग देकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में योगदान दें। “यातायात के नियम अपनाएं, अपनी यात्रा सुगम बनाएं” के संदेश के साथ यह कार्यक्रम छात्रों और नागरिकों के बीच सड़क सुरक्षा के महत्व को प्रभावी ढंग से उजागर करने में सफल रहा।
















