मुजफ्फरनगर। जमीयत उलमा-ए-हिंद, जिला मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में 12 एवं 13 नवम्बर 2025 को आयोजित होने वाला जिला स्तरीय सम्मेलन अब फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। सोमवार को जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष मौलाना मुकर्रम अली क़ासमी ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि सम्मेलन की तमाम तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन आवश्यक प्रशासनिक अनुमति प्राप्त न होने के कारण कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय संगठन की एकजुटता और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
मौलाना मुकर्रम अली क़ासमी ने कहा कि जमीयत के समस्त पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जिम्मेदार भाइयों ने सम्मेलन की सफलता के लिए पूरी निष्ठा और मेहनत से कार्य किया। उन्होंने सभी का दिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह से सभी ने एकता, सहयोग और भाईचारे की मिसाल पेश की है, वही जमीयत की असली पहचान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही उपयुक्त समय आने पर सम्मेलन का आयोजन नए उत्साह के साथ किया जाएगा।
संगठन सशक्तिकरण पर ज़ोर देते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि जमीयत की असली शक्ति उसकी बुनियादी इकाइयों में निहित है। उन्होंने कहा कि हमें गांव से लेकर तहसील, ब्लॉक और जिला स्तर तक अपनी शाखाओं को और अधिक संगठित, सक्रिय और योजनाबद्ध बनाना होगा। प्रत्येक इकाई में जिम्मेदार लोगों की नियुक्ति, नियमित बैठकें और सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों पर कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर मौलाना मुकर्रम अली क़ासमी ने मतदाता सूची निरीक्षण एवं संशोधन अभियान को भी संगठन की प्रमुख प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि जमीयत के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करें ताकि योग्य नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों और किसी भी प्रकार की त्रुटि को सुधारा जा सके। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि जमीयत उलमा-ए-हिंद हमेशा से सामाजिक, शैक्षणिक, मानवता और राष्ट्रीय एकता के कार्यों के लिए समर्पित रही है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी। मौलाना मुकर्रम ने सभी कार्यकर्ताओं से एकता, संयम और समर्पण बनाए रखने की अपील की और कहा कि यही संगठन की सफलता की कुंजी है।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला महासचिव मौलाना अब्दुल खालिक क़ासमी, महानगर अध्यक्ष मौलाना ज़ुबैर रहमानी, मौलाना बदर अख्तर, मौलाना रिज़वान, मौलाना मुजफ्फरुल्लाह, मौलाना अब्दुल कय्यूम क़ासमी, मौ0 आसिफ कुरैशी (वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एवं जिला मीडिया प्रभारी), मुफ्ती नवेद, मौलाना सुहैल अख्तर रहीमी, मौलाना शान मुहम्मद, मौलाना अहमद हसन सहित विभिन्न इकाइयों के अध्यक्ष और पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की मजबूती और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार व्यक्त किए।















