मुजफ्फरनगर में महान दानवीर एवं मेवाड़ के यशस्वी प्रधानमंत्री भामाशाह की जयंती के अवसर पर राज्य कर विभाग, मुजफ्फरनगर सम्भाग द्वारा आईटीआई सभागार में “व्यापारी कल्याण दिवस” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास, व्यवसायिक शिक्षा एवं उद्यमशीलता विभाग कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल सिंह, विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी तथा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा शामिल रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राजनाथ तिवारी ने भामाशाह के जीवन, त्याग और राष्ट्रसेवा पर प्रकाश डाला, जबकि सहायक आयुक्त सारिका सिंह ने जीएसटी पंजीकरण, त्वरित पंजीयन प्रक्रिया और व्यापारी दुर्घटना योजना सहित विभिन्न व्यापारी हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। समारोह का मुख्य आकर्षण विभिन्न टर्नओवर श्रेणियों में सर्वाधिक कर जमा करने वाले शीर्ष 10 व्यापारियों एवं उनकी फर्मों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करना रहा।
अपने संबोधन में कपिल देव अग्रवाल ने राष्ट्र निर्माण में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए प्रदेश सरकार की व्यापारी हितैषी नीतियों का उल्लेख किया। उन्होंने व्यापारिक संगठनों की समस्याएं एवं सुझाव सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और सभी से भामाशाह के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने व्यापारियों को सुरक्षित, भयमुक्त और सुगम व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त आयुक्त (वि. अनु. शा.) सिद्धेश चन्द्र दीक्षित ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, पत्रकारों, व्यापारियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।















