युवक को अगवा कर लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार,

मुजफ्फरनगर। थाना रामराज पुलिस और एसओजी देहात टीम ने युवक को जबरन कार में बैठाकर लूट करने की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार, एक मोटरसाइकिल, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, 3150 रुपये नकद, एक अवैध पिस्टल मय दो कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह तथा थाना प्रभारी रामराज ज्ञानेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार वादी ने थाना रामराज में लिखित तहरीर देकर बताया था कि उसका भाई स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान ग्राम हाशमपुर के सामने ओवरब्रिज के पास एक कार में सवार कुछ बदमाशों ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूटी से गिरने के बाद आरोपियों ने युवक को जबरन कार में बैठा लिया और ग्राम मुझेडा स्थित एक बाग में ले गए। वहां युवक के साथ मारपीट की गई और उसकी नगदी लूट ली गई। आरोपियों ने उसका एटीएम कार्ड भी छीन लिया तथा पिन पूछकर खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना रामराज में मुकदमा अपराध संख्या 32/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने पहले ही इस मामले में नईम पुत्र जहीरूद्दीन, अनस पुत्र नजीर निवासी मोहल्ला मुश्तर्क कस्बा मीरापुर, सुमित सैनी निवासी ग्राम मुझेडा तथा एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इसी क्रम में गठित पुलिस टीम ने फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों शाहरूख पुत्र उम्मेद अली, शमरेज पुत्र इमरान और अरमान पुत्र सुलेमान निवासी ग्राम मुझेडा थाना मीरापुर को टिकौला गंगनहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार और अन्य सामान भी बरामद किया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts