जनगणना-2027 में मुजफ्फरनगर प्रशासन की सक्रिय भागीदारी, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया सेल्फ एन्यूमरेशन

मुजफ्फरनगर में भारत जनगणना-2027 को सफल बनाने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल, मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक, बिजनौर सांसद चंदन चौहान, बुढ़ाना विधायक राजपाल सिंह बालियान, मीरापुर विधायक मिथलेश पाल, विधायक पंकज मलिक, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने स्टाफ के साथ “सेल्फ एन्यूमरेशन” कर जनगणना अभियान में सहभागिता सुनिश्चित की।

इसके अतिरिक्त कलेक्ट्रेट कर्मियों, राजस्व विभाग, नगर पालिका, जीएसटी विभाग, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग, जिला पंचायत राज विभाग तथा आबकारी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी ऑनलाइन माध्यम से अपना विवरण दर्ज कर जनगणना अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। प्रशासन की इस पहल को जनजागरूकता अभियान के रूप में भी देखा जा रहा है, ताकि आम नागरिक भी अधिक से अधिक संख्या में “सेल्फ एन्यूमरेशन” प्रक्रिया में भाग लें।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि भारत जनगणना-2027 का प्रथम चरण पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए नागरिकों को पोर्टल पर लॉगिन कर निर्धारित जानकारी भरनी होगी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा, जबकि अगले चरण में नागरिकों की गणना की जाएगी। इस प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे सभी जानकारियां सही एवं स्पष्ट रूप से भरें। उन्होंने कहा कि जब प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए पहुंचे, तब नागरिक अपने द्वारा प्राप्त “SE ID” उपलब्ध कराएं, जिससे डाटा को सही एवं कम समय में फीड करने में सुविधा होगी। उन्होंने जानकारी दी कि प्रगणकों द्वारा मकानों की गणना का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।

उन्होंने जनपदवासियों से भारत जनगणना-2027 में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग स्वयं “सेल्फ एन्यूमरेशन” करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। साथ ही यदि किसी व्यक्ति को ऑनलाइन प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह जिला जनगणना कार्यालय, मुजफ्फरनगर अथवा हेल्पलाइन नंबर 9412210080 और 0131-2436918 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts