अलवर के सदर थाना क्षेत्र में फ्लिपकार्ट कंपनी के डिलीवरी बॉय से 35 हजार रुपये की घड़ी लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों और एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है। थाना अधिकारी रमेश सैनी ने बताया कि 7 मई को अब्दुल वहीद नामक डिलीवरी बॉय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया कि आरोपी शुभम शर्मा ने फर्जी नाम से ऑनलाइन डिलीवरी बुक की। पहले उसने डिलीवरी के लिए शिवाजी पार्क बुलाया और फिर पता नहीं मिलने का बहाना बनाकर टेल्को चौराहा बुला लिया। जैसे ही डिलीवरी बॉय वहां पहुंचा, पहले से मौजूद स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने उससे पैकेट छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में शुभम शर्मा पुत्र रोहताश, लक्ष्य पुत्र जसवंत निवासी शिवाजी पार्क, आयुष पुत्र घनश्याम निवासी स्कीम 10 और एक नाबालिग को पकड़ा है। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने लूटी गई घड़ी और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित खुलासों के लिए पूछताछ की जा रही है।















