अलवर नगर परिषद में वर्ष 2012 में चयनित 329 सफाईकर्मियों को अब तक नियुक्ति नहीं मिलने से नाराज अभ्यर्थियों ने नगर निगम पहुंचकर आयुक्त से मुलाकात की और जल्द नियुक्ति की मांग की। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे निगम परिसर में धरना देंगे और किसी कर्मचारी को अंदर-बाहर नहीं जाने देंगे। एक महिला अभ्यर्थी द्वारा आत्मदाह की चेतावनी देने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। अभ्यर्थी शोभा और महेश ने बताया कि चयन के बाद पुलिस सत्यापन, मेडिकल और दस्तावेज़ जांच पूरी कर ली गई थी, लेकिन मामला न्यायालय में लंबित रहने के कारण नियुक्ति नहीं हो सकी। अब राज्य सरकार की समिति ने 4 अगस्त 2024 को चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने का निर्णय लिया है। इसके तहत 2024 की नई भर्ती में इन 329 पदों को आरक्षित किया गया और 10 दिसंबर 2024 को स्वायत्त शासन विभाग द्वारा आदेश भी जारी कर दिए गए, लेकिन नियुक्ति पत्र अब तक नहीं मिले। अभ्यर्थियों ने पूर्व में वन मंत्री संजय शर्मा से भी गुहार लगाई थी। वाल्मीकि समाज के जिला अध्यक्ष कैलाश अतवर ने सरकार से मांग की है कि चयनित अभ्यर्थियों को तुरंत नियुक्त किया जाए।















