ग्रेटर नोएडा स्थित उमा पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन क्लस्टर फुटबॉल टूर्नामेंट में मुजफ्फरनगर के शारदेन स्कूल ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में 90 से अधिक स्कूलों की टीमें शामिल हुईं, जहां एक से बढ़कर एक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इतने बड़े स्तर पर आयोजित इस टूर्नामेंट में मुजफ्फरनगर की ओर से शारदेन स्कूल की टीम ने एकमात्र प्रतिभाग किया और अपनी मेहनत, लगन और जुझारू खेल के दम पर लगातार सात मैच जीतकर सिल्वर मेडल और द्वितीय स्थान की ट्रॉफी अपने नाम की।
यह प्रतियोगिता 22 अगस्त से 28 अगस्त 2025 तक आयोजित हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने जबरदस्त उत्साह के साथ हिस्सा लिया। टूर्नामेंट में शारदेन स्कूल के गोलकीपर कनिष्क बालियान ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई शानदार बचाव किए। उनके दमदार प्रदर्शन से प्रभावित होकर आयोजकों ने उन्हें टूर्नामेंट का “बेस्ट गोलकीपर” अवार्ड प्रदान किया। यह उपलब्धि न केवल कनिष्क के लिए बल्कि पूरे मुजफ्फरनगर जिले के लिए गर्व का क्षण है।
शारदेन स्कूल के खिलाड़ियों ने अपने कोच और खेल अध्यापक राहुल कुमार के मार्गदर्शन में मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। उनके मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की मेहनत ने साबित कर दिया कि अनुशासन, लगन और टीम भावना के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
टूर्नामेंट से लौटने के बाद जब शारदेन स्कूल की टीम मुजफ्फरनगर स्टेशन पहुंची तो वहां का दृश्य अत्यंत भावुक और गर्व से भरा हुआ था। खिलाड़ियों के स्वागत के लिए अभिभावक, शिक्षक और परिजन बड़ी संख्या में मौजूद थे। टीम का भव्य स्वागत फूल-मालाओं और मिठाइयों के साथ किया गया। छात्रों को गले लगाकर बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद भी दिया गया। सभी ने छात्रों की मेहनत की सराहना की और उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
शारदेन स्कूल के प्रबंधक श्री विश्व रतन जी एवं प्रधानाचार्य श्रीमती धारा रतन जी ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों और कोच की कड़ी मेहनत का परिणाम है। विद्यालय प्रशासन ने आश्वासन दिया कि आगे भी खेल प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकें। वहीं, डायरेक्टर महोदय ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम और निरंतरता के महत्व को समझाते हुए जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया।
इस प्रतियोगिता में मिली यह सफलता मुजफ्फरनगर के लिए गौरवपूर्ण क्षण है और यह आने वाले समय में जिले के अन्य विद्यार्थियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। शारदेन स्कूल की टीम ने यह साबित कर दिया कि यदि समर्पण और मेहनत हो तो बड़े से बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।















