मुजफ्फरनगर। पटेलनगर स्थित आदर्श रामलीला भवन सेवा समिति की ओर से आयोजित रामलीला महोत्सव का आगाज धूमधाम से हुआ। इस अवसर पर रामलीला ध्वज स्थापना और विशाल ध्वज यात्रा का आयोजन किया गया। ध्वज यात्रा की शुरुआत पटेलनगर मैदान से हुई, जिसमें हनुमान जी घोड़े पर सवार होकर भक्तों के बीच पहुंचे। यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग झूम उठे और मंडी क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर श्रद्धालुओं ने हनुमान जी पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। ध्वज यात्रा नई मंडी, मुनीम कालोनी, गऊशाला रोड, बिन्दल बाजार और पुरानी गुड़ मंडी से होते हुए रामलीला मैदान में पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस बार समिति ने अपने 50वें स्वर्ण जयंती रामलीला महोत्सव की घोषणा की है, जिसके तहत 20 सितम्बर से रामलीला मंचन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर समिति के मुख्य प्रबंधक अनिल ऐरन और कार्यक्रम संयोजक विकल्प जैन ने जानकारी दी कि इस बार भी रामलीला का मंचन स्थानीय कलाकारों द्वारा किया जाएगा। सावन माह की शुरुआत से ही कलाकार मंचन की तैयारियों और रिहर्सल में जुटे हुए हैं। 100 से अधिक कलाकार विभिन्न भूमिकाओं में हिस्सा लेंगे और रामायण की कथाओं को मंच पर जीवंत करेंगे। ध्वज यात्रा और स्थापना कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और उद्यमी मुकेश गोयल मौजूद रहे। वरिष्ठ पत्रकार अंकुर दुआ ने भी इस मौके पर रामायण जी का पूजन और हनुमान जी की आरती की। ध्वज यात्रा का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने किया। इस दौरान रामलीला समिति के पदाधिकारियों और कलाकारों ने मुख्य अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम में अनिल ऐरन, विकल्प जैन, गोपाल चौधरी, जितेंद्र कुच्छल, जितेंद्र नामदेव, नारायण ऐरन, प्रमोद गुप्ता, विनय मित्तल, दिनेश जैन, अंशुल गुप्ता, विकास भारद्वाज, मोंटू पाटिल, अनिल लोहिया, विपुल मोहन, सोनू कुमार, पियूष शर्मा, राकेश बंसल, तनिष्क भारद्वाज, देवेंद्र पतला और पंकज आनंद सहित रामलीला कमेटी के अन्य सदस्य व कलाकार मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष स्वर्ण जयंती मंचन महोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की पूरी तैयारी की जा रही है।















