मुजफ्फरनगर। आशादीप मूक-बधिर एवं मंदबुद्धि प्रशिक्षण संस्थान में शिक्षक दिवस के अवसर पर लायन्स क्लब दिव्य द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया, वहीं दिव्यांग बच्चों के लिए भी उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत माँ शारदा और भारत के पूर्व राष्ट्रपति तथा महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से की गई। इस विधिवत पूजन कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष नंद गोपाल बंसल, सचिव संदीप सिंघल, संस्थान के अध्यक्ष इंजीनियर लोकेश चंद्रा और सचिव इंजीनियर आर.के. गोयल उपस्थित रहे। इसके साथ ही क्लब के सदस्यों ने संस्थान में स्थापित स्पीच थैरेपी का भी अवलोकन किया, जिसे कुछ समय पहले लायन्स क्लब दिव्य ने ही संस्थान को भेंट किया था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष इंजीनियर लोकेश चंद्रा ने की। प्रधानाचार्य ब्रजमोहन शर्मा ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लायन्स क्लब दिव्य का संस्थान को दिए जा रहे निरंतर सहयोग और योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। क्लब अध्यक्ष नंद गोपाल बंसल के साथ-साथ गिरीश अग्रवाल, कामिनी सिंघल सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार साझा किए। संस्थान के सचिव आर.के. गोयल ने उपस्थित जनों को संस्थान की गतिविधियों और इसके उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
समारोह के संचालन की जिम्मेदारी प्रधानाचार्य ब्रजमोहन शर्मा ने निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के कार्यकारिणी सदस्य रामबीर सिंह, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्टाफ के साथ लायन्स क्लब दिव्य के पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इनमें संदीप सिंघल, राजीव अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल, अजय गर्ग, श्याम गुप्ता, रजनीश अग्रवाल, विनय शर्मा, दीपक शर्मा, पवन अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, सत्यप्रकाश, अविन अग्रवाल, सलेख मित्तल, डॉ. कामिनी सिंघल और शर्मिला मित्तल विशेष रूप से शामिल रहे। अंत में संस्थान के अध्यक्ष इंजीनियर लोकेश चंद्रा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और क्लब के सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया और शिक्षक दिवस को यादगार बनाने के लिए इस आयोजन को महत्वपूर्ण बताया।















