टीजीटी परीक्षा को नकलविहीन और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कसी कमर.

मुजफ्फरनगर। जनपद में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी 3 एवं 4 जून 2026 को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के मद्देनजर बुधवार को जिला पंचायत सभागार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने की। इस दौरान परीक्षा से जुड़े सभी सैक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, नोडल अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में परीक्षा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने, प्रश्नपत्रों एवं उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रखरखाव हेतु स्ट्रांग रूम की समुचित व्यवस्था करने तथा बायोमैट्रिक सत्यापन प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। मुख्य प्रवेश द्वारों पर सघन जांच की जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन, बैग एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को सुरक्षित रूप से जमा कराने की व्यवस्था प्रत्येक केंद्र पर सुनिश्चित की जाए।

बैठक में परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान स्ट्रांग रूम की सुरक्षा एवं संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, परीक्षा केंद्रों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, जोनल एवं सैक्टर मजिस्ट्रेट तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि टीजीटी परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts