सिरोही जिले में आमजन और चिकित्सा स्टाफ को जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) और बेसिक लाइफ सपोर्ट की ट्रेनिंग आयोजित की गई। यह प्रशिक्षण ADM कार्यालय, जिला अस्पताल सिरोही और CMHO कार्यालय में आयोजित हुआ, जिसमें डॉ. विक्रम सिंह और डॉ. प्रवीण सिंघाडीया ने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को हृदय गति रुकने की स्थिति में तुरंत किए जाने वाले उपायों की जानकारी दी। डॉ. सिंघाडीया ने बताया कि समय पर दिया गया CPR कई बार मरीज की जान बचा सकता है। उन्होंने हाथों की स्थिति, छाती पर दिए जाने वाले दबाव की गति और गहराई के साथ-साथ मुंह से सांस देने और मरीज की प्रतिक्रिया जांचने की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी भी दी गई, जिससे वे आपात स्थिति में आत्मविश्वास से कार्य कर सकें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराडी ने बताया कि इस तरह की प्रशिक्षण गतिविधियां न केवल चिकित्सा कर्मियों को, बल्कि आम नागरिकों को भी आपात स्थितियों में सही उपचार देने के लिए तैयार करती हैं और इससे कई अमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं।















