परीक्षा के दौरान तनाव न लें विद्यार्थी, टेलीमानस हेल्पलाइन 14416 पर लें निःशुल्क परामर्श: सीएमओ

मुजफ्फरनगर। जनपद में संचालित परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण जागरूकता संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा का समय अधिकांश छात्र-छात्राओं के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। इस दौरान कई विद्यार्थी मानसिक तनाव, घबराहट, चिंता और दबाव महसूस करते हैं। यह स्थिति सामान्य है, लेकिन यदि समय रहते सही मार्गदर्शन और परामर्श न मिले तो इसका प्रभाव बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और प्रदर्शन पर पड़ सकता है। इसलिए जरूरी है कि विद्यार्थी अपनी भावनाओं को दबाने के बजाय उन्हें साझा करें और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ सहायता लें।

डॉ. तेवतिया ने बताया कि विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाए रखने तथा जरूरत पड़ने पर पेशेवर परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार द्वारा निशुल्क टेलीमानस सेवा संचालित की जा रही है। इस सेवा के माध्यम से छात्र-छात्राएं किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव, अवसाद, भय या परीक्षा संबंधी दबाव की स्थिति में 24 घंटे, सातों दिन गोपनीय परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 जारी किया गया है, जिस पर कॉल कर प्रशिक्षित काउंसलर और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया जा सकता है। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क और गोपनीय है, जिससे विद्यार्थी बिना झिझक अपनी समस्या साझा कर सकते हैं।

उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की कि परीक्षा के दौरान बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें। बच्चों की तुलना दूसरों से करने के बजाय उनकी क्षमता और प्रयासों की सराहना करें। सकारात्मक और सहयोगात्मक वातावरण बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाता है और वे बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण जरूर है, लेकिन मानसिक स्वास्थ्य उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। यदि किसी विद्यार्थी को तनाव या चिंता अधिक महसूस हो रही हो तो बिना संकोच टेलीमानस हेल्पलाइन 14416 का उपयोग कर विशेषज्ञ सहायता अवश्य प्राप्त करें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts