खाटू श्याम फाल्गुन महोत्सव 24 से 28 फरवरी तक,

मुजफ्फरनगर। भरतिया कॉलोनी स्थित खाटू श्याम गणपति धाम मंदिर में 24 फरवरी से 28 फरवरी तक खाटू श्याम फाल्गुन महोत्सव धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में मनाया जाएगा। मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस पांच दिवसीय उत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 24 फरवरी मंगलवार को सायं 7 बजे भगवान के समक्ष फूलों की होली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु पुष्प वर्षा के साथ भक्ति रस में सराबोर होंगे। 25 फरवरी बुधवार को सायं 7 बजे मंदिर प्रांगण में चंग धमाल का आयोजन होगा। इस अवसर पर जयपुर के प्रसिद्ध भजन गायक महेश परमार भजनों की प्रस्तुति देंगे और भक्तों को संगीतमय संध्या का आनंद मिलेगा।

26 फरवरी बृहस्पतिवार को सायं 6 बजे ‘श्याम नाम की मेहंदी’ कार्यक्रम एवं प्रसाद वितरण होगा। श्रद्धालु अपने हाथों में श्याम नाम की मेहंदी रचाकर आस्था प्रकट करेंगे। 27 फरवरी शुक्रवार को प्रातः 9 बजे एकादशी निशान यात्रा शिव चौक से प्रारंभ होकर झांसी रानी चौक, टाउन हॉल रोड, मदन स्वीट्स, भोपा पुल, गौशाला, पीठ बाजार, बिंदल बाजार, स्वीट्स कॉर्नर और जाखाना रोड होते हुए मंदिर पहुंचेगी। उसी दिन रात्रि 7 बजे से एकादशी पर भव्य संकीर्तन का आयोजन होगा, जो मंगला आरती तक चलेगा। संकीर्तन में वृंदावन धाम के गुजबिजारी दास और जयपुर के मुकेश बागन मुख्य भजन गायक के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि स्थानीय कलाकार भी प्रस्तुति देंगे।

28 फरवरी शनिवार को रात्रि 7 बजे मंदिर प्रांगण में बधाई उत्सव आयोजित होगा, जिसके बाद द्वादशी भंडारे के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा। उत्सव के दौरान 24 से 28 फरवरी तक मंदिर परिसर में भव्य मेले का आयोजन भी होगा, जिसमें बच्चों के झूले, आकर्षक स्टॉल और विभिन्न प्रकार की दुकानें सजेंगी। बंगाली कारीगरों द्वारा मंदिर को भव्य और नयनाभिराम स्वरूप दिया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। ट्रस्ट समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव में सहभागिता करने की अपील की है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts