उत्तर-भारत में लोगों के बीच लौकी के कोफ्ते काफी पॉपुलर हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि आप इसके अलावा कच्चे केले से कोफ्ते बनाकर तैयार कर सकते हैं जो कमाल के स्वादिष्ट लगते हैं. आप इसे सनैक्स के तौर पर भी सर्व कर सकते हैं और ग्रेवी वाली सब्जी भी बनाई जा सकती है. मुंह में घुल जाने वाले ये कोफ्ते सेंधा नमक के साथ आप व्रत के लिए भी तैयार कर सकते हैं, बस बेसन की जगह कुट्टू के आटे का यूज किया जाता है. फिलहाल जान लेते हैं कच्चे केले के कोफ्ते की रेसिपी.शेफ अरुणा विजय ने इस रेसिपी को शेयर करते हुए बताया है कि राजस्थान में खासतौर पर मारवाड़ी घरों में मेहमानों के लिए कच्चे केले के कोफ्ते बनाए जाते हैं. इसकी खासियत है कि ये बिना लहसुन प्याज के बनने वाला स्नैक्स है. एक बार आप भी इसे जरूर ट्राई करके देखें.
राजस्थानी कच्चे केले के कोफ्ते
कोफ़्ता बॉल्स के लिए इन्ग्रेडिएंट्स
- कच्चा केला -2
- काजू – 1 बड़ा चम्मच
- किशमिश – 1 बड़ा चम्मच
- ताज़ा पुदीना – कुछ पत्तियां
- ताज़ा हरा धनिया – कुछ पत्तियां, कटी हुई
- हरी मिर्च – 1, बारीक कटी हुई
- अनार के दाने – 2 बड़े चम्मच
- मटर – 2 बड़े चम्मच
- हल्दी – 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
- गरम मसाला – 1 छोटा चम्मच
- चाट मसाला – 1 छोटा चम्मच
बैटर (घोल) के लिए इन्ग्रेडिएंट्स
- बेसन – 1 कप
- नमक – स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- हल्दी – ½ छोटा चम्मच
- अजवाइन – ½ छोटा चम्मच
- बेकिंग सोडा – ¼ छोटा चम्मच
- पानी – ज़रूरत के अनुसार
तलने के लिए तेल
कोफ्ते की रेसिपी
- फिलिंग तैयार करने के लिए पहले कच्चे केलों को उबाल लें और छीलने के बाद अच्छी तरह से मैश कर लें जैसे कचौड़ी के लिए आलू तैयार करते हैं.
- एक मिक्सिंग बाउल में, मैश किए हुए कच्चे केले को क्रश किए गए काजू, किशमिश, पुदीना, धनिया, हरी मिर्च, अनार के दाने, मटर और सभी सूखे मसालों के साथ मिलाएं.
- सारी चीजें अच्छी तरह मिलाने के बाद इस फिलिंग वाले मिश्रण से नींबू के आकार की छोटी बॉल्स बनाकर तैयार कर लें.
बैटर तैयार करें
- दूसरे बाउल में बेसन, नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, अजवाइन और सोडा डालें. इसके बाद धीरे-धीरे पानी डालें और फेंटकर एक स्मूद, थोड़ा पतला बैटर (बहुत ज़्यादा पतला नहीं) बना लें.
- एक गहरे पैन में तेल गरम करें और मीडियम फ्लेम करने के बाद हर कोफ़्ता बॉल को बेसन के बैटर में डुबोएं, ताकि उस पर अच्छी तरह कोटिंग हो जाए.
- सावधानी के साथ सारी बॉल्स को थोड़ा-थोड़ा करके गरम तेल में डालें. सुनहरा भूरा और क्रिस्पी होने तक डीप फ्राई करें.
- इन बॉल्स को आप तीखी-मीठी चटनी या पुदीना-दही डिप के साथ गरमा-गरम परोसें. मेहमानों से लेकर आपकी पूरी फैमिली भी जमकर तारीफ करती नजर आएगी.
सब्जी भी बना सकते हैं
आप चाहे तो इन कोफ्ता की सब्जी भी बना सकते हैं. इसके लिए सिंपल सब्जी की तरह प्याज-लहसुन, बेसिक मसाले, जैसे पिसा धनिया, मिर्च, हल्दी, गरम मसाला, हरा धनिया और दही के साथ गाढ़ी ग्रेवी बनाकर तैयार करें. इसे कुछ देर पकाएं और फिर कोफ्ते डालकर पकाएं.























































