मुजफ्फरनगर के जडौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में शिक्षा एवं करियर फेयर का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर शिक्षक विधायक चन्द्र शर्मा, शोभित यूनिवर्सिटी के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. जयनन्द, सुभारती यूनिवर्सिटी के एडमिशन मैनेजर डॉ. समी सक्सेना, समाजसेविका ममता अग्रवाल, करियर काउन्सलर ज्योति लुथरा, डॉ. अजय वर्मा, विनित नारायण, विपिन, डॉ. रणवीर सिंह, डॉ. राजीव कुमार, विजय पाल, मास्टर विजय सिंह, आर्यन राज कौशिक और प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस शिक्षा एवं करियर फेयर का मुख्य उद्देश्य कक्षा-12 के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों के बारे में जानकारी देना, करियर की चुनौतियों को समझाना और उनके समाधान के लिए दिशा-निर्देश उपलब्ध कराना था। मेले में 15 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों तथा अनुभवी करियर काउन्सलरों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने छात्रों को करियर के नए विकल्पों, बदलते शिक्षा पैटर्न, प्रोफेशनल कोर्सेज और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास के बारे में मार्गदर्शन दिया।
करीब 350 विद्यार्थियों ने विभिन्न विद्यालयों से इस कार्यक्रम में भाग लिया और विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपने करियर को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। प्रो-वाइस चांसलर डॉ. जयनन्द ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि शिक्षा एवं करियर फेयर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए एक ऐसा मंच होता है, जहां वे विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसरों को समझकर अपने भविष्य की दिशा तय कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का एक मजबूत माध्यम बनते हैं।
विधायक चन्द्र शर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मेले विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर निर्माण की दिशा में सक्षम बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को ग्रामीण क्षेत्र में ऐसा प्रभावी आयोजन करने के लिए धन्यवाद दिया। डॉ. रणवीर सिंह ने कहा कि यह मंच छात्रों को उद्योग जगत, शिक्षकों और विशेषज्ञों से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास और करियर समझ को मजबूत बनाता है। वहीं, डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक मेले छात्रों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सही निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करते हैं, जिससे वे अपने भविष्य की दिशा को स्पष्ट रूप से तय कर सकें।
ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार का करियर फेयर पहली बार आयोजित किया गया, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों में काफी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य अनिल शास्त्री, संजय राणा, विनोद कुमार, निर्वेश प्रजापति, मोहित सिंघल, अनंग सिंघल, रचना सिंह तथा अंकित चौधरी ने भाग लेकर आयोजन की सराहना की और इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।















