मुजफ्फरनगर जिले के विभिन्न गांवों से हाल के दिनों में रात के समय संदिग्ध लोगों की आवाजाही और ड्रोन उड़ने की सूचनाएं सामने आई हैं। इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस-प्रशासन ने रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाया है। जिन गांवों से ऐसी सूचनाएं मिली हैं, वहां त्वरित रूप से डॉयल-112 और संबंधित थाना प्रभारी ने पहुंचकर मौके की जांच की है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा गांवों में लगातार भ्रमण कर ग्राम सुरक्षा समिति, ग्राम प्रधान और स्थानीय संभ्रांत लोगों के साथ संवाद स्थापित किया जा रहा है ताकि सही जानकारी समय रहते मिल सके और किसी भी प्रकार की अफवाह को फैलने से रोका जा सके। डॉयल-112 की गाड़ियों से लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से यह अपील की जा रही है कि लोग किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और पुष्टि के लिए सीधे पुलिस या प्रशासन से संपर्क करें।
अफवाहों पर नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अब तक 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा विभिन्न थानों पर सुसंगत धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा सभी गांवों में ग्राम सुरक्षा समितियों के साथ बैठकें कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बीट आरक्षियों, पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करें और स्थानीय निवासियों से संवाद बनाकर अफवाहों के प्रति उन्हें सतर्क करें।
पुलिस ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के ड्रोन न उड़ाए। ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस विषय में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अफवाहों में न उलझें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी जानकारी को बिना पुष्टि साझा न करें। पुलिस पूरी तरह सतर्क है और कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।















