मुजफ्फरनगर। शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को डायरिया जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से डायरिया जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान लोगों को डायरिया से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और समय पर उपचार को डायरिया से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय बताया। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और स्वच्छ वातावरण तथा साफ-सफाई की आदतों को अपनाकर डायरिया जैसी बीमारियों को काफी हद तक रोका जा सकता है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की सेहत के प्रति सतर्क रहने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि जनपद में डायरिया रोको अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसमें पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल (पीएसआई) इंडिया और केनव्यू के सहयोग से “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य डायरिया की रोकथाम, ओआरएस और जिंक के उपयोग को बढ़ावा देना तथा समुदाय को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि बरसात और उमस के मौसम में दूषित पानी पीने, गंदे हाथों से भोजन बनाने या बच्चों को खिलाने, खुले में शौच तथा बच्चों के मल का सुरक्षित निस्तारण न होने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने सलाह दी कि शौच के बाद, बच्चों का मल साफ करने के बाद तथा भोजन बनाने और बच्चे को खाना खिलाने से पहले साबुन और स्वच्छ पानी से हाथ अवश्य धोएं। यदि बच्चे को एक दिन में तीन या उससे अधिक बार पतले दस्त हों तो तुरंत ओआरएस का घोल दें, उम्र के अनुसार जिंक की गोलियां दें और आवश्यकता पड़ने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय सलाह लें। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अलका सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।























































