मुजफ्फरनगर। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और गांवों में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के उद्देश्य से देश के सबसे बड़े ग्रामीण खेल महोत्सव ईशा ग्रामोत्सवम् 2026 के तहत मुजफ्फरनगर क्लस्टर में 25 और 26 जुलाई को दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का आयोजन स्प्रिंग डेल्स स्कूल, जीटी रोड (बोपाड़ा), मंसूरपुर में होगा, जिसमें मुजफ्फरनगर सहित आसपास के जिलों की ग्रामीण टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। खिलाड़ियों को प्रवेश, मैच एंट्री, कोर्ट की सुविधा और भोजन भी आयोजकों की ओर से मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा। सद्गुरु की परिकल्पना और ईशा आउटरीच की एक्शन फॉर रूरल रिजुविनेशन पहल के तहत आयोजित इस खेल महोत्सव को इस वर्ष खेलो इंडिया की मान्यता भी प्राप्त है।
प्रतियोगिता में केवल ग्रामीण क्षेत्रों की टीमें ही भाग ले सकेंगी और सभी खिलाड़ियों का एक ही ग्राम पंचायत या नगर पंचायत का निवासी होना अनिवार्य होगा। शहरी नगर निगम क्षेत्रों, खेल कोटे के खिलाड़ियों तथा पेशेवर या राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को इसमें शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। प्रतिभागियों की न्यूनतम आयु 14 वर्ष निर्धारित की गई है। क्लस्टर स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए लखनऊ जाएंगी, जहां से विजेता टीमें कोयंबटूर स्थित ईशा योग केंद्र में होने वाले राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगी। क्लस्टर दौर के बाद यात्रा, आवास और भोजन का पूरा खर्च आयोजकों द्वारा वहन किया जाएगा। देशभर के 250 से अधिक स्थानों पर आयोजित हो रहे इस अभियान में 40 हजार से अधिक गांवों के 80 हजार से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और गांवों में सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। इच्छुक टीमें निर्धारित पोर्टल पर निशुल्क पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग ले सकती हैं।























































