कानपुर में 22 मार्च को होगा राज्य स्तरीय निरंकारी संत समागम, मुजफ्फरनगर समेत प्रदेशभर से जुटेंगे हजारों श्रद्धालु

मुजफ्फरनगर। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी की करुणामयी छत्रछाया में 22 मार्च 2026 को कानपुर के निराला नगर स्थित रेलवे ग्राउंड (पराग डेयरी के समीप) में उत्तर प्रदेश का भव्य राज्य स्तरीय निरंकारी संत समागम आयोजित किया जाएगा। यह आध्यात्मिक आयोजन श्रद्धा, समरसता और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न होगा, जिसमें मानवता, विश्वबंधुत्व और आध्यात्मिक जागृति का संदेश दिया जाएगा।

उक्त जानकारी मीडिया सहायक सुशील कुमार अंश ने देते हुए बताया कि प्रातः 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक चलने वाले इस दिव्य समागम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ मुजफ्फरनगर जनपद से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि खतौली, रामराज, पुरकाजी, शेरपुर खादर, बुढ़ाना, बलवाखेड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों की शाखाओं से हजारों श्रद्धालु भक्तजन कानपुर पहुंचकर सतगुरु के अमृतमय संदेशों का श्रवण करेंगे। सत्संग की पावन वाणी के माध्यम से मानव जीवन में प्रेम, सह-अस्तित्व, करुणा और वैश्विक भाईचारे की भावना को बल मिलेगा तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।

मुजफ्फरनगर जनपद के संयोजक हरीश कुमार ने बताया कि समागम स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। भक्तों के लिए लंगर, प्याऊ, चिकित्सा सेवा, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना करना पड़े। उन्होंने बताया कि सभी स्वयंसेवक सेवा-भाव और अनुशासन के साथ आयोजन स्थल को स्वच्छ, सुंदर और भक्तिमय वातावरण से परिपूर्ण बनाने में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम की सफलता के लिए स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है।

इस संत समागम से पूर्व युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से 20 और 21 मार्च को ‘निरंकारी यूथ सिम्पोजियम’ का आयोजन भी किया जाएगा। इस सिम्पोजियम का मुख्य विषय ‘सिक्स एलीमेंट्स’ रखा गया है। इस मंच के माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिकता, अनुशासन, आत्मिक संतुलन, मानवीय मूल्यों और सकारात्मक सोच के प्रति प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान लघु नाटक, भक्ति गीत, पैनल चर्चा और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा।

प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले युवा अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से इस आयोजन को जीवंत बनाएंगे। आयोजकों के अनुसार यह सिम्पोजियम युवाओं के भीतर सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक मानवीय चेतना को भी सुदृढ़ करेगा। प्रेम, एकता, सहअस्तित्व और विश्वबंधुत्व के दिव्य संदेश से ओत-प्रोत यह संत समागम श्रद्धालुओं के जीवन में नई प्रेरणा, आत्मिक शांति और आनंद का प्रकाश फैलाएगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालु भक्तों, नगरवासियों और प्रभुप्रेमी जनों से इस आध्यात्मिक संगम में सहभागी बनने की अपील की है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts