भाजपा सरवट मंडल उपाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं ने थामा लोजपा (रामविलास) का दामन, मुजफ्फरनगर की राजनीति में बढ़ी हलचल

मुजफ्फरनगर। जनपद में राजनीतिक हलचल तेज होती नजर रही है और आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए दल-बदल की गतिविधियां भी बढ़ने लगी हैं। इसी क्रम में  लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने मुजफ्फरनगर की राजनीति में बड़ा दांव चलते हुए भाजपा संगठन को झटका दिया। भाजपा के सरवट मंडल उपाध्यक्ष सीमित सेन तथा सुबलेश पाल ने अपने समर्थकों के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस राजनीतिक घटनाक्रम को जिले की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रधान महासचिव राजीव गोयल के नेतृत्व में यह सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मुजफ्फरनगर नगर स्थित सहारनपुर मंडल अध्यक्ष डॉ धर्मेन्द्र सिंह के आवास और पार्टी के कैम्प कार्यालय पर आयोजित हुआ, जहां सीमित सेन और सुबलेश पाल को औपचारिक रूप से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। दोनों नेताओं के साथ कई कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी में शामिल होकर संगठन को मजबूत करने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान सीमित सेन और सुबलेश पाल के नेतृत्व में सुदेश भारती, संगीता बालियान, प्रिंस कुमार, राजा, मन्नू, मनीष कुमार, अनुज, मिंटू कुमार, दीपक जोगी और राहुल सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं का पदाधिकारियों ने स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजीव गोयल ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) लगातार प्रदेश में अपने संगठन का विस्तार कर रही है और विभिन्न क्षेत्रों से लोग पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में भी पार्टी तेजी से मजबूत हो रही है और आने वाले समय में संगठन और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा।

इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमित शर्मा, उपाध्यक्ष मेहराब खान, सहारनपुर मंडल अध्यक्ष डॉ धर्मेन्द्र सिंह, मंडल उपाध्यक्ष परवीन शर्मा, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष चहल, महिला प्रकोष्ठ की नगर अध्यक्ष खुशबू तथा जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts