मुजफ्फरनगर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं लोकसभा सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने चरथावल ब्लॉक परिसर में बीएलओ और निर्वाचन से जुड़े कर्मचारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक का उद्देश्य मतदाताओं को आ रही समस्याओं, जारी नोटिसों, नए वोट बनवाने की प्रक्रिया और शिकायतों के निस्तारण को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश देना रहा।
बैठक के दौरान हरेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि S.I.R अभियान लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा है, ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी मतदाता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नोटिस की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए तथा सुनवाई के दौरान मतदाताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। यदि किसी मतदाता की ओर से कोई दस्तावेजी या तकनीकी कमी रह जाती है तो उसे सहयोगपूर्वक पूरा कराने में मदद की जाए।
सपा सांसद ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन से जुड़ी शिकायतों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (BLA) लगातार जनता के संपर्क में हैं और वे मतदाताओं को नई वोट बनवाने तथा त्रुटि सुधार में सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन और BLA के बीच बेहतर समन्वय से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
हरेंद्र सिंह मलिक ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी मतदाता का नाम दुर्भावनापूर्ण तरीके से काटने का प्रयास किया गया तो समाजवादी पार्टी इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों से किसी को वंचित करना गंभीर विषय है और पार्टी ऐसे हर कदम का विरोध करेगी।
बैठक में मौजूद निर्वाचन कर्मियों से सांसद ने कहा कि वे निष्पक्षता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि आम नागरिकों का विश्वास बना रहे। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जानकारी के अभाव में कई लोग भ्रमित होते हैं, ऐसे में उन्हें सही मार्गदर्शन देना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर नगर पंचायत चरथावल के चेयरमैन इस्लाम त्यागी सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, बीएलए और स्थानीय लोग मौजूद रहे। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने इसे मतदाताओं के हित में एक सकारात्मक पहल बताया और उम्मीद जताई कि इससे S.I.R अभियान को जनहितकारी रूप में आगे बढ़ाया जा सकेगा।















