मुजफ्फरनगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 25 जनवरी 2026 को सौलहवां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे देश में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद मुजफ्फरनगर के जिला उद्योग केंद्र में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यालय में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम के दौरान सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी को यह संकल्प दिलाया गया कि वे भारत के जिम्मेदार नागरिक के रूप में लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था बनाए रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा का पालन करेंगे। शपथ में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
शपथ दिलाते हुए सहायक आयुक्त उद्योग ने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और इसका प्रयोग निर्भीक होकर, बिना किसी दबाव, प्रलोभन या भेदभाव के किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी अन्य प्रभाव से मुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए, तभी लोकतंत्र मजबूत और सशक्त बन सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य केवल मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात करना भी है।कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि लोकतंत्र की सफलता सक्रिय और जागरूक नागरिकों पर निर्भर करती है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार का सही और जिम्मेदार तरीके से प्रयोग करे, तो देश की शासन व्यवस्था और अधिक पारदर्शी तथा जनहितकारी बन सकती है। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी इस अवसर पर लोकतंत्र को मजबूत करने और आगामी सभी चुनावों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।















