आईटीआई प्रांगण में धूमधाम से मना उत्तर प्रदेश दिवस 2026, विकास योजनाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का भव्य आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के सभागार एवं प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग और उद्यमशीलता विभाग कपिल देव अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर आईटीआई सभागार में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन को उपस्थित जनसमूह ने देखा। इसके साथ ही सहारनपुर मंडल के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जनपदों में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का भी एलईडी के माध्यम से प्रसारण किया गया, जिससे लोगों को प्रदेश के विकास की झलक मिली।

आईटीआई प्रांगण में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने निरीक्षण किया और विभागीय प्रयासों की सराहना की। इन स्टालों के माध्यम से कृषि, स्वास्थ्य, गन्ना, पंचायतीराज, समाज कल्याण, सौर ऊर्जा, बेसिक शिक्षा, सिंचाई, पुलिस, अल्पसंख्यक कल्याण, मत्स्य, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, उद्यान विभाग सहित अन्य विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी गई।

अपने संबोधन में राज्य मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में प्रदेश ने नई उपलब्धियां हासिल की हैं और युवाओं, किसानों व उद्यमियों के लिए सरकार लगातार अवसर सृजित कर रही है।

कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र के पांच उन्नत किसानों, सात सफल उद्यमियों, बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार से दो विद्यालयों, विभिन्न स्वरोजगार व उद्यमी योजनाओं के लाभार्थियों, कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के छात्रों, खिलाड़ियों और समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को शाल, प्रमाण पत्र, मोमेंटो व चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त आईआईटी रुड़की से पीएचडी कर जापान में चयनित प्रिंसी वर्मा को भी विशेष सम्मान दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति मिशन के अंतर्गत स्थापित सेल्फी प्वाइंट पर अतिथियों ने सेल्फी ली तथा उपस्थित नागरिकों को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, एमएलसी वंदना वर्मा, विधायक बुढ़ाना राजपाल बालियान, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, पूर्व विधायक उमेश मलिक, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी देशभूषण सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts