मुजफ्फरनगर। प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ द्वारा महिला थाना मुजफ्फरनगर में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के उपरांत पुलिस अधीक्षक अपराध ने महिला थाना परिसर में मिशन शक्ति केंद्र एवं महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला संबंधित शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली और महिला पुलिसकर्मियों से संवाद किया। उन्होंने निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों की प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
इस दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और महिला सुरक्षा से जुड़े दस्तावेजों का भी अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक अपराध ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी संगीता डागर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















