होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में सिविल सेवा मार्गदर्शन कार्यशाला आयोजित,

मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जडौदा में विद्यार्थियों के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा मार्गदर्शन हेतु एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय सांख्यिकी सेवा में प्रथम रैंक प्राप्त अधिकारी कुमारी कशिश, सहायक विकास अधिकारी जितेन्द्र कुमार, प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया, ब्लॉगर प्रतिनिधि राजीव कुमार, आदित्य दहिया, शुभम कुमार, रूपेश कुमार और प्रदीप त्यागी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कुमारी कशिश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी कार्य सरल नहीं होता, लेकिन दृढ़ निश्चय और निरंतर प्रयास से सफलता के रास्ते स्वयं बनते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही अपने जीवन का लक्ष्य तय कर लेना चाहिए और विषयों की गहराई को समझकर अध्ययन करना चाहिए। अध्ययन केवल अंकों के लिए नहीं बल्कि ज्ञान में श्रेष्ठता के लिए होना चाहिए।

कशिश ने बताया कि सफलता के लिए अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर स्वाध्याय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी को अपनी पृष्ठभूमि पर नहीं, बल्कि अपने परिश्रम पर भरोसा रखना चाहिए। इसी के माध्यम से कोई भी छात्र सिविल सेवा जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकता है।

छात्रा अंशिका शुक्रालिया के प्रश्न पर कशिश ने बताया कि गाँव के विद्यार्थी बिना कोचिंग के भी सिविल सेवा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं, बशर्ते वे अपने विषयों की गहराई से समझ विकसित करें और डिजिटल माध्यमों का सही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि उनके स्वयं के चयन में आत्मविश्वास, अनुशासन और सतत अध्ययन की बड़ी भूमिका रही है।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने कहा कि विद्यार्थियों को श्रेष्ठ आचरण और अच्छे संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में धीरज बालियान, मनोज त्यागी, रीना, आकांक्षा और बबीता अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts