मुजफ्फरनगर में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, अवैध संबंध और पुरानी रंजिश बनी .

मुजफ्फरनगर के थाना भोपा क्षेत्र के ग्राम शाहदरा बांगर में हुए चर्चित अक्षय कुमार हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में की गई, जहां भोपा पुलिस ने जौलीविलायतनगर मार्ग पर घेराबंदी कर मुख्य अभियुक्त मनोज, उसके भतीजे भरत सिंह और एक बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, एक छुरी और दराती भी बरामद की है। इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी फैला दी थी, जिसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

घटना 23 मार्च की है, जब आरोपी मनोज का पुत्र खेत में चारा काट रहा था। उसी दौरान अक्षय कुमार वहां पहुंचा और कथित रूप से उसे जातिसूचक गालियां देने के साथ छींटाकशी करने लगा। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और अपमान से आक्रोशित होकर मनोज ने अपने पुत्र और भतीजे के साथ मिलकर अक्षय पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले तमंचे से गोली मारी और फिर दराती से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे अक्षय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वादी अर्जुन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।थाना प्रभारी जसवीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मनोज का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ मेरठ के परीक्षितगढ़ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल और क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत वाजपेई ने पुलिस टीम की सराहना की और इसे त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई बताया।पूछताछ में इस हत्याकांड की पृष्ठभूमि में एक दर्दनाक पारिवारिक विवाद सामने आया है। मुख्य आरोपी मनोज ने खुलासा किया कि उसकी पत्नी के मृतक अक्षय कुमार के साथ अवैध संबंध थे, जिससे उसके घर में लगातार तनाव और झगड़े होते रहते थे। इसी मानसिक तनाव के चलते उसकी पत्नी ने पहले ही आत्महत्या कर ली थी। मनोज का आरोप है कि अक्षय उसके परिवार की बर्बादी का कारण बना और वह अक्सर उसके नाबालिग पुत्र को भी ताने मारकर प्रताड़ित करता था। इसी पुरानी रंजिश और मानसिक आक्रोश ने इस वारदात को जन्म दिया।फिलहाल पुलिस ने सभी बरामद हथियारों को सील कर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। गांव में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts