मुजफ्फरनगर में 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में 26 अप्रैल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच, यातायात व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों के लिए पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।
इसके अलावा उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी सख्त निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ निरंतर निगरानी रखी जा रही है, जिससे परीक्षार्थियों को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल मिल सके।























































